दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में विवाद के बाद पुलिस ने यूट्यूबर हनुमान नायक को गिरफ्तार किया है। उस पर महिला के साथ कथित मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप लगे है। विभागीय कर्मचारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। घटना 7 अक्टूबर की बताई जा रही है और इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए है।
बच्ची की काउंसलिंग के दौरान शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम एक बच्ची को संरक्षण देने के उद्देश्य से कार्यालय लेकर पहुंची थी। इसके बाद बच्ची की मां को जरूरी दस्तावेजों के साथ बुलाया गया। कार्यालय में बच्ची और उसकी मां की काउंसलिंग की जा रही थी। इसी दौरान बच्ची के स्कूल नहीं जाने के विषय पर चर्चा हुई।इसी बीच यूट्यूबर हनुमान नायक भी वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया।
महिला और विभागीय कर्मचारियों से मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, हनुमान नायक पर महिला और विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट करने का आरोप है। कर्मचारियों ने गाली-गलौज करने, धमकी देने और सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत भी की है।चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने भी इस मामले में आरोप लगाए। शिकायत के अनुसार, महिला के साथ मारपीट की गई और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
यह घटना 7 अक्टूबर की बताई जा रही है। मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में हनुमान नायक को गिरफ्तार कर लिया गया।फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की सच्चाई जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।











