रायपुर। सक्ती जिला स्थित वेदांता पावर प्लांट हादसे पर साय सरकार के मंत्रियों के बयान सामने आए हैं. मंत्रियों ने इसे दुखद और दर्दनाक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. जांच में जो दोषी पाएगा जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने घटना को लेकर कांग्रेस की कवायद पर तंज कसते हुए कहा कि दुर्भाग्यजनक है कि कांग्रेस पार्टी ऐसी घटनाओं में भी राजनीति करती है. दुखद घटना पर राजनीति कांग्रेस की सोच को बताता है.
वहीं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने घटना को लेकर कहा कि कंपनियों की नियमित जाँच हो, इस पर मैं मुख्यमंत्री से चर्चा करूँगा. अभी रेंडम या शिकायत पर जाँच होती है. वहीं कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोई लापरवाही नहीं की है. कांग्रेस किसी भी चीज में राजनीति में उतर आती है.
हादसे के संदर्भ में उद्योग मंत्री ने कहा कि दुखद घटना है. मुख्यमंत्री ने मजिस्ट्रियल जाँच का आदेश दिए हैं. जाँच में कमी करने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी. फैक्ट्री एक्ट के तहत भी कार्रवाई होगी. इसके अलावा घटना से प्रभावित परिजनों के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने आर्थिक राहत की घोषणा की है. पीड़ित परिवारों के साथ राज्य सरकार खड़ी है.
सक्ति हादसे पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि घटना बड़ी दुखद है. मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं. घटना के बाद आसपास के अस्पतालों को तुरंत उपलब्ध कराया गया. मजदूरों में 35 घायल और 14 की मृत्यु हुई है. सरकार ने दंडाधिकारी जांच के आदेश दे दिए हैं.
वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को ऐसी घटनाओं पर बयानबाजी नहीं करनी चाहिए. सीएम साय ने जांच के आदेश दे दिया हैं. घायलों को, मृतकों के परिजनों को राहत पैकेज दे दिया गया है. कांग्रेस को घटनाओं पर राजनीति नहीं करना चाहिए.









