रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, गरियाबंद, कांकेर और बिलासपुर समेत कई जिलों में आज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ ही झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी और तेज धूप से राहत मिली है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आ गई है और ऐसे में मौसम खुशनुमा हो गया है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बदला मौसम का मिजाज
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पिछले तीन दिनों से मौसम के मिजाज में बदलाव जारी है। दोपहर बाद बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मंगलवार दोपहर बाद भी मौसम का मिजाज बदल गया और आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है, जिससे साप्ताहिक बाजार अस्त व्यस्त हो गया है। दुकानदारों की दुकानें बारिश से खराब हो गई। साथ ही बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है।
गरियाबंद में हुई बे-मौसम बारिश
गरियाबंद में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से भारी राहत मिली है। वहीं बारिश के बाद मौसम भी खुशनुमा हो गया है, लेकिन इस बारिश से तेंदूपत्ता को भारी नुकसान हो सकता है। इसको लेकर अब ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं।
बिलासपुर में पेड़ गिरने से अफरा-तफरी
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में भी तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। सिम्स चौक और उसलापुर समेत कई इलाकों में पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई है, साथ ही यातायात भी बाधित हुआ है। वहीं आंधी के कारण आधे शहर में बिजली गुल हो गई है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है।
काले बादलों से ढकी राजधानी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार शाम काले बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया। इसके बाद तेज आंधी-तूफान के साथ ही झमाझम बारिश हो रही है, जिसके कारण लोगों को तेज गर्मी और धूप से राहत मिली है।
कोरबा में भी अचानक बिगड़ा मौसम
कोरबा जिले के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार की शाम 7 बजे अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली की चमक के साथ जमकर बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण नाली का पानी छलककर सड़क पर आ गया। कोरबा शहर के अलावा दीपका, गेवरा, कुसमुंडा, दर्री, बालको में भी तेज आंधी तूफान और बारिश का कहर देखने को मिल रहा है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने के आसार हैं।










