Advertisement Carousel

आसमान का बदला मिजाज, अब किन इलाकों में बरसेंगे बादल? मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट

 छत्तीसगढ़ :  मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर में भी रविवार दोपहर तेज बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटे तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मनेन्द्रगढ़ में 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।इसके अलावा नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं कुकदुर, मनोरा, पेण्ड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

सोमवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादलों का डेरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इन मौसमी सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां

झारखंड और उससे लगे बिहार के ऊपर निचले स्तर पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका सक्रिय है। दूसरी ओर उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और तेज बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन इलाकों में यलो अलर्ट भी लागू

अगले कुछ घंटों के लिए उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।