Weather Update : छत्तीसगढ़ में समुद्र से आ रही नमी के कारण पिछले 24 घंटे से मौसम बदला हुआ है। आज सुबह से ही रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। इससे मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया है। बारिश से प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक मौसम ठंडा रहेगा। समुद्र से आ रही नमी के कारण प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में मौसम काफी ठंडा हो गया है। बारिश और बादलों की वजह से दिन का तापमान भी काफी नीचे चला गया है। गर्मी महसूस ही नहीं हो रही है, बल्कि कहीं-कहीं पर मानसून आने जैसी स्थिति बन गई है। रायपुर और बिलासपुर में दिन का तापमान 35 डिग्री के करीब है। दोनों जगह तापमान सामान्य से सात से आठ डिग्री कम है। अंबिकापुर, पेंड्रारोड, जगदलपुर आदि जगहों पर तापमान 32 डिग्री के आसपास है। प्रदेश में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा धमतरी में 37.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।
Weather Update : पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग (Weather) के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। दंतेवाड़ा के कुआकोंडा और राजनांदगांव के गंडई में इस दौरान 20-20 मिमी बारिश हुई। बोडला, भाटापारा, खैरागढ़, भोपालपट्टनम, पलारी, बलौदाबाजार, कटेकल्याण आदि स्थानों पर 10-10 मिमी पानी गिरा। अन्य कई स्थानों पर हल्की वर्षा और बूंदाबांदी हुई। शनिवार को दिन में भी कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हुई। पेंड्रारोड में 11 मिमी पानी गिरा। जगदलपुर और राजनांदगांव में भी हल्की बारिश हुई।
Weather Update : आज और कल अंधड़, ओले और बौछारें भी
मौसम विभाग (Weather) के अनुसार रविवार को प्रदेश में बारिश होने के साथ-साथ मौसम में यह बदलाव अगले दो दिन बाद भी जारी रहेगा। 1 और 2 मई को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें, अंधड़ और ओले गिरने की संभावना है। दरअसल, मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि आज हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कहीं-कहीं पर अंधड़ चलने की सभी संभावना है।









