Advertisement Carousel

दोस्ती की मुलाकात के बाद ऐसा क्या हुआ कि सात दिन बाद छा गया मातम?

रायपुर :  राजधानी रायपुर में एक 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए युवक के दोस्तों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का दावा किया है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।

शराब पार्टी का कहकर घर से बुलाया गया

मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार 12 जुलाई की शाम उसका स्कूल का परिचित सोनू उसे शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। दोनों सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित एक खाली मैदान में पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जल गई।

सात दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। करीब सात दिनों तक इलाज चलने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।

पुराने विवाद की बात सामने आई

मृतक की बहन शहरबान का कहना है कि शाकिब और सोनू के बीच पहले किसी वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाकिब को बुलाया।उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के बाद परिवार को फोन कर बताया गया कि शाकिब आग से झुलस गया है। परिवार के मुताबिक एक युवक मुकेश ने कथित तौर पर कहा था कि उसकी गलती से यह घटना हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि

घटनास्थल के आसपास रहने वाले कुछ लोगों का दावा है कि युवक बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।

परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का समुचित निरीक्षण नहीं किया और मामले में कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं हुई।शाकिब की मौत के बाद परिजन और रिश्तेदार सरस्वती नगर थाने पहुंचे तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस का क्या कहना है

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से मिली जानकारी के आधार पर युवकों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।