Advertisement Carousel

Yoga world Record : रायपुर में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 2 हजार से अधिक योग साधकों ने की आसन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी बधाई

छत्तीसगढ़ ने 10 सितंबर 2023 को इतिहास रचा है। प्रदेश की राजधानी रायपुर में दो हजार से अधिक योग साधकों ने सेतुबंध आसन का प्रदशर्न कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि के लिए प्रदेश का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम रायपुर में रविवार को प्रदेशभर से दो हजार से अधिक योग साधक जुटे। इस दौरान तिरंगे रंग का प्रतिरूप बनाते हुए एक साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए सेतुबंध आसन का सामूहिक प्रदर्शन किया।

सीएम भूपेश बघेल ने इस उपलब्धि पर नागरिकों की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ‘छत्तीसगढ़ जब तक करेगा योग, तब तक रहेगा निरोग‘। सेतुबंध आसन मन और शरीर को ब्रिज की तरह जोड़ता है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के एशिया हेड डॉ. मनीष विश्नोई ने रिकार्ड बनने की घोषणा करते हुए छत्तीसगढ़ योग आयोग को प्रोविजनल सर्टिफिकेट प्रदान किया है।

Read more :PM Kisan 15th kist : इस दिन आएगी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 15वीं किस्त, तारीख का हुआ ऐलान



छत्तीसगढ़ योग आयोग की ओर से लोगों को योग के महत्व के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सीएम भूपेश के योजना नीति कृषि एवं ग्रामीण सलाहकार प्रदीप शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ योग आयोग की ओर से गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोगों के स्वास्थ को प्राथमिकता में रखते हुए छत्तीसगढ़ योग आयोग को महती जिम्मेदारी सौंपी थी। इसे पूरा करते हुए आयोग ने प्रदेश में लगभग 50 नियमित निःशुल्क योगाभ्यास केन्द्र शुरू किए हैं। सभी संभागों के योगसाधकों में प्रशिक्षण देकर गांव-गांव तक योग का प्रचार किया जा रहा है।

Read more : Cg vidhansabha election 2023 : सांसद विजय बघेल ने चाचा भूपेश बघेल को लेकर कह दी ये बात, जानिए पूरा मामला


इस दौरान संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने कहा कि योग तन, मन और धन को सुरक्षित रखता है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुसार आम नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उनके विधानसभी क्षेत्र के 90 प्रतिशत से अधिक वार्डों में निःशुल्क योग केन्द्र खोले गए हैं। डॉ. किरणमयी नायक ने कहा कि सभी योगसाधक 10-10 लोगों को योग सिखाएं। अगले वर्ष बड़ी संख्या में एक बार फिर सभी रिकॉर्ड बनाएंगे।

सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सेतुबंध आसन के साथ-साथ अन्य आसनों, प्राणायामों और ध्यान का अभ्यास भी किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्यगण राजेश नारा, रविन्द्र सिंह, गणेश योगी, संस्कृत विद्यामंडलम के अध्यक्ष डॉ. सुरेश शर्मा, आईजी रतनलाल डांगी, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के साधकगण सहित बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षक और साधकगण और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।