हर मोड़ पर जन समूह उमड़ रहा, तेलंगाना होते हुए आगे महाराष्ट्र पहुंचने की तैयारी
कुरनूल। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 42वें दिन मंगलवार 18 अक्टूबर को सांसद राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल के चागी गांव से पदयात्रा की शुरुआत की।
इस दौरान पदयात्रा में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा अब तक करीब 1025 किमी से ज्यादा का सफर तय कर चुका है।
वहीं पदयात्रा से पहले राहुल गांधी ने अदोनी स्थित श्री गंगा भवानी मंदिर का दौरा भी किया। वहीं इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव पर खुलकर अपनी बात रखी।
कांग्रेस देश की अकेली पार्टी जिसने पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराए: राहुल
राहुल ने शशि थरूर द्वारा अध्यक्ष पद के चुनावों में धांधली के आरोप लगाए जाने के सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ कांग्रेस है जिसने चुनाव (पार्टी अध्यक्ष पद के लिए) कराए।
हम ही ऐसी पार्टी है जिसके अंदर चुनाव आयोग है और जिसके मुखिया टी एन शेषन प्रकार के व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि मैने मिस्त्री जी के साथ काम किया है और वह सीधी बात करने वाले व्यक्ति हैं।
कुछ भी मुद्दे सामने आते हैं वह चुनाव आयोग के सामने रखे जाएंगे और उस पर चुनाव आयोग अपना निर्णय लेगा कि चुनावों में धांधली हुई या नहीं।
मेरी भूमिका खड़गे साहब तय करेंगे
आंध्र प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मैं अपनी और ना ही कांग्रेस के अध्यक्ष की भूमिका के बारे में कुछ कह सकता हूं। वह काम (मल्लिकार्जुन) खड़गे साहब का है। मेरी भूमिका क्या होगी वह नए अध्यक्ष तय करेंगे।
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश करेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 23 अक्टूबर को तेलंगाना में प्रवेश करेगी और 7 नवंबर तक राज्य में रहेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) तेलंगाना के प्रभारी मणिकम टैगोर ने यह जानकारी दी। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि हम भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के लिए तैयार हैं। तेलंगाना राज्य में यात्रा का विवरण साझा करते हुए खुशी हो रही है।
कुरनूल में किसानों ने राहुल
को बताई अपनी परेशानियां
आकांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने कुरनूल जिले के हट्टी बेलागल में अपने दोपहर के शिविर में लोगों से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने अमरावती के किसानों से बातचीत की।
इन किसानों ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती के विकास के लिए अपनी जमीन छोड़ दी थी। राहुल गांधी ने पोलावरम बहुउद्देशीय परियोजना से विस्थापित हुए परिवारों से भी मुलाकात की।
अमरावती के किसानों ने बताया कि कैसे वाई एस जगन मोहन रेड्डी की सरकार ‘तीन राजधानियों’ के मुद्दे को उठाकर उनके जीवन को खतरे में डाल रही थी।
राज्य की राजधानी के निर्माण के लिए लगभग 34,000 एकड़ समृद्ध उपजाऊ भूमि का बंटवारा करने वाले किसानों ने अफसोस जताया कि मौजूदा शासन ने उनके पक्ष में उच्च न्यायालय के फैसले की अवहेलना करते हुए अमरावती में सभी विकास कार्यों को रोक दिया गया है।
किसानों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले अमरावती संयुक्त कार्रवाई समिति के नेता शिवा रेड्डी ने कहा कि वाईएसआर कांग्रेस को छोड़कर सभी राजनीतिक दल अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी के रूप में समर्थन दे रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी से अनुरोध किया कि इस मुद्दे को संसद में उठाया जाए और सैकड़ों किसानों के हितों की रक्षा की जाए। शिवा रेड्डी ने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘उन्होंने हमारी याचिका पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और अमरावती के लिए लड़ने का वादा किया।’
दूसरी ओर, उन्होंने पोलावरम परियोजना विस्थापित परिवारों ने पुनर्वास पैकेज के खराब कार्यान्वयन और प्रकृति के प्रकोप का सामना करने के बारे में राहुल गांधी से शिकायत की।
राहुल गांधी ने उन्हें यह भी आश्वासन दिया कि कांग्रेस उनका मुद्दा उठाएगी और उनके अधिकारों के लिए लड़ेगी।

सांसद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मंगलवार 18 अक्टूबर को सुबह आंध्र प्रदेश पहुंची। इसके पहले वह पड़ोसी कर्नाटक से अलुरु निर्वाचन क्षेत्र के हलहरवी पहुंचे।
राहुल ने चतरागुडी में हनुमान मंदिर से अपना पैदल मार्च जारी रखा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष साके शैलजानाथ और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आंध्र प्रदेश में प्रवेश करते ही राहुल का स्वागत किया।
राहुल मंगलवार 18 अक्टूबर को अपनी यात्रा के तहत अलुरु, हट्टी बेलागल और मुनिकुर्ती से होकर गुजरे। वह अदोनी के छगी गांव में रात्रि विश्राम करेंगे।
7 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने वाले कांग्रेस नेता 14 अक्टूबर को कर्नाटक की सीमा से लगे अनंतपुरमू जिले के गांवों से गुजरे। यह यात्रा 21 अक्टूबर तक आंध्रप्रदेश में जारी रहेगी, तब वह तेलंगाना के रास्ते कर्नाटक में फिर से प्रवेश करेंगे।
राहुल गांधी के संग ‘भारत जोड़ो यात्रा’
में शामिल होंगे उद्धव और पवार

कुछ दिनों पहले जब महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शरद पवार और उद्धव ठाकरे से उनके घर जाकर मुलाकात कर उनसे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का आग्रह
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आगामी नवंबर 7 नवंबर को महाराष्ट्र में दाखिल हो रही है।
उनकी इस यात्रा में एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार (Sharad Pawar) और उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) भी शामिल होंगे। इस तरह से महाविकास अघाड़ी (Mahavikas Aghadi) के यह तीनों नेता महाराष्ट्र में एक मंच पर आएंगे।
माना जा रहा है कि इस दौरान तीनों ही नेता महाराष्ट्र (Maharashtra) की मौजूदा शिंदे-फडणवीस सरकार से लेकर केंद्र की मोदी सरकार (Modi Govenrment) तक पर निशाना साधेंगे।
कुछ दिनों पहले कांग्रेस पार्टी के महाराष्ट्र प्रभारी एचके पाटिल समेत राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने शरद पवार और उद्धव ठाकरे से उनके निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की थी।
साथ ही उनसे इस यात्रा में शामिल होने का अनुरोध किया था। कांग्रेस (Congress) के इस निवेदन को स्वीकारते हुए दोनों नेताओं ने इस यात्रा में शामिल होने का निर्णय लिया है।
तैयारियों में जुटी महाराष्ट्र कांग्रेस
7 सितंबर को राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी। जिसके बाद आगामी 7 नवंबर को यह यात्रा महाराष्ट्र में दाखिल होगी।
इसी के मद्देनजर शरद पवार, शिवसेना ठाकरे गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे भी इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल होंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर में दाखिल होगी।
महाराष्ट्र में यह यात्रा 16 दिनों तक चलेगी। इस दौरान राज्य में कुल 383 किलोमीटर का सफर भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से राहुल गांधी करेंगे।
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई की तरफ से भारत जोड़ो यात्रा का जोरदार स्वागत करने की तैयारियां शुरू हैं।
3,570 किमी की है भारत जोड़ो यात्रा
दरअसल कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत 150 दिनों में 3,570 किमी की दूरी तय की जानी है। यह तमिलनाडु में सात सितंबर को शुरू हुई थी और जम्मू कश्मीर में संपन्न होगी। यात्रा सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।
यह पदयात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजरी है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने ठाकरे के आवास मातोश्री में उनसे मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में पवार से मुलाकात की।
कांग्रेस पार्टी ने राहुल समेत उन 119 नेताओं को भारत यात्री नाम दिया है, जो पदयात्रा करते हुए कश्मीर तक जाएंगे।
कांग्रेस का मानना है कि यह यात्रा उसके लिए संजीवनी का काम करेगी। यात्रा के आरंभ होने से पहले कांग्रेस ने सभी समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों और संगठनों का आह्वान किया था कि वे इस यात्रा का हिस्सा बनें।
इस यात्रा की शुरुआत के मौके पर कन्याकुमारी में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक नेता एमके स्टालिन मौजूद थे। केरल में इस यात्रा में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता शामिल हुए।













