Advertisement Carousel

नक्सलियों ने पूर्व सरपंच को गला रेतकर मारा, सात दिनों में तीन की ले ली जान

छत्तीसगढ़ में फिर एक भाजपा नेता की हत्या, अपने

निजी  काम से नक्सल प्रभावित गांव गया था रामधर

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने फिर एक भाजपा नेता की हत्या कर दी। दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच का शनिवार देर रात गला रेत दिया। बताया जा रहा है कि नक्सली कई दिनों से उसे धमकी दे रहे थे। हत्या के बाद नक्सलियों ने वहां पर्चे भी फेंके हैं।

Also read:ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री दास की गोली मारकर हत्या

इसमें पुलिस मुखबिरी और रुपये नहीं देने पर हत्या की बात कही गई है। पूर्व सरपंच भाजवा की मंडल कार्यसमिति का सदस्य था। नक्सली पिछले सात दिनों में बस्तर में तीन भाजपा नेताओं को मार चुके है। मामला बारसूर थाना क्षेत्र का है।

अगवा कर ले गए, फिर हत्या की

मृतक रामधर अलामी

जानकारी के मुताबिक, दंतेवाड़ा जिले के हितामेटा गांव का पूर्व सरपंच रामधर अलामी (50) किसी पारिवारिक काम से शनिवार को इंद्रावती नदी के पास हांदावाड़ा जलप्रपात के पास नक्सल प्रभावित गांव थुलथुली गया था। इसके बाद नक्सलियों ने उसको अगवा कर लिया था।

Also read:पत्नी और तीन बेटियों की जान लेने किया तलवार से ताबड़-तोड़ वार, एक बेटी की मौत

कुछ घंटे बाद ही नक्सलियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद नक्सली पास के ही गांव हिकुल के जंगल में शव फेंककर भाग गए। स्थानीय लोगों ने शव देखा तो सूचना अन्य जगह और पुलिस के पास पहुंची।

नक्सलियों ने बताया गोपनीय सैनिक

मारे गए भाजपा नेता का शव रविवार सुबह उसके गृहग्राम हितामेटा लाया गया। हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने ली है। शव के पास मिले पर्चो में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच को गोपनीय सैनिक बताकर पुलिस के लिए काम करने का आरोप लगाया है। यह भी कहा है कि पहले भी तीन बार रामधर को समझाया गया था, लेकिन वह नहीं माना। इसके चलते मौत की सजा दी गई है। जिला अध्यक्ष चैतराम अटामी ने बताया कि, रामधर 15 सालों से भाजपा का सक्रिय नेता था।

एक माह में चार भाजपा नेताओं की गई जान

11 फरवरी : दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने पूर्व सरपंच रामधर की गला रेतकर हत्या कर दी।
10 फरवरी : नारायणपुर के छोटे डोंगर में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की गोली मारकर हत्या की गई।
5 फरवरी : बीजापुर जिले के आवापल्ली इलाके के एक गांव में मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम को नक्सलियों ने मारा।
16 जनवरी : कांकेर में भाजपा नेता बुधराम करटाम की संदिग्ध मौत हुई। उनका शव घर से कुछ दूर सड़क किनारे मिला था। हालांकि पुलिस ने इसे हादसा बताते हुए टेंपो चालक को गिरफ्तार किया।