Advertisement Carousel

‘भारत जोड़ो यात्रा’ में छत्तीसगढ़ समेत सभी राज्यों से होंगे प्रतिनिधि

 सात सितंबर से शुरू होगा देशव्यापी अभियान, कन्याकुमारी

से कश्मीर तक 12 राज्यों से होकर गुजरेगी कांग्रेस की यात्रा

नई दिल्ली। कांग्रेस की सात सितंबर से आरंभ होने वाली ‘भारत जोड़ो’ यात्रा Bharat Jodo Yatra में राहुल गांधी Rahul gandhi के साथ कुल 117 नेता कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा करेंगे। इनमें पार्टी के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा और युवा नेता कन्हैया कुमार शामिल हैं।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक की इस यात्रा में चलने वाले इन 117 नेताओं को ‘भारत यात्री’ नाम दिया गया है और इनमें लगभग सभी वर्गों और प्रदेशों का प्रतिनिधित्व है।

कांग्रेस की ओर से जारी सूची के अनुसार, खेड़ा और कन्हैया कुमार के अलावा पार्टी के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव चंद यादव, पूर्व महासचिव सीताराम लांबा और उत्तराखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी बतौर ‘भारत यात्री’ राहुल गांधी के साथ पूरी यात्रा में होंगे।

इसके साथ ही, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख राहुल राव, महासचिव संतोष कोलकुंडा और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता शाहनवाज आलम को ‘भारत यात्री’ की सूची में जगह दी गई है। इस सूची में उत्तर प्रदेश से 10, मध्य प्रदेश से 10, महाराष्ट्र से नौ, राजस्थान से नौ, तमिलनाडु से तीन भारत यात्री होंगे।

अन्य कई राज्यों को भी इसमें प्रतिनिधित्व दिया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने गत 23 अगस्त को संवाददाताओं को बताया था, 100 पदयात्री होंगे, जो शुरू से आखिर तक चलेंगे। वो ‘भारत यात्री’ होंगे।

यहां से 100-100 अतिथि यात्री

जिन प्रदेशों से यह यात्रा नहीं गुजर रही है, उसके 100-100 लोग इसमें शामिल होंगे, ये लोग अतिथि यात्री होंगे। जिन प्रदेशों से यात्रा गुजरेगी उनसे 100-100 यात्री शामिल होंगे। ये प्रदेश यात्री होंगे। एक समय इसमें 300 पदयात्री शामिल रहेंगे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा था, राहुल गांधी देश के बड़े नेता हैं और यात्रा में ‘भारत यात्री’ होंगे।

कन्याकुमारी से शुरू होगी विशाल रैली

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बताया कि सात सितंबर की शाम पांच बजे कन्याकुमारी में विशाल रैली से इस यात्रा की शुरुआत होगी। उनके अनुसार, आठ सितंबर की सुबह हर विधानसभा क्षेत्र और ब्लॉक में पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सात सितंबर को हर ब्लॉक में सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन भी किया जाएगा।

पांच महीने चलेगी यात्रा

कांग्रेस की इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान करीब पांच महीने में दक्षिण में कन्याकुमारी से लेकर उत्तर में कश्मीर तक 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यह 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में छोटे स्तर पर ‘भारत जोड़ो यात्राएं’ निकाली जाएंगी।

यात्रा को लेकर सहम गई भाजपा

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों के बारे में चर्चा की। यह यात्रा विशाल और ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा, इस यात्रा को लेकर भाजपा सहम गई है। इसलिए वह ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह की तरकीबें अपनाएगी।

छत्तीसगढ़ से भारत यात्री के लिए भेजे गए नाम

भारत यात्री में छत्तीसगढ़ के भी प्रतिनिधि होंगे। प्रदेश से 10 लोगों के नाम भेजे गए हैं। इनमें रत्ना पैकरा, आशिका कुजूर, कांति बंजारे, पल्लवी सिंह, तुलसी साहू, रवि पांडे, इरफान खान, रामेश्वर चक्रधारी, हिमानी वासनिक और शशि सिंह के नाम शामिल हैं। इनमें से पांच नाम को चयन कर शामिल किया जाएगा।