रायपुर 13 मार्च 2026। शिक्षकों की TET अनिवार्यता को लेकर छत्तीसगढ़ में भी प्रक्रिया शुरू हो गयी है। डीपीआई ने सभी जेडी और डीईओ से इस संंबंध में रिपोर्ट मांगी है। डीपीआई की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि प्राथमिक, उच्च प्राथमिक स्तर पर पदस्थ शिक्षकों की टीईटी अहर्ता के बारे में जानकारी उपलब्ध करायें।
डीपीआई की तरफ से सभी DEO को निर्देशित किया गया है कि वो संयुक्त संचालक कार्यालय में 17 मार्च तक टीईटी अहर्ता की जानकारी उपलब्ध करायेंगे। जिसके बाद 18 मार्च को ये जानकारी जेडी आफिस के जरिये डीपीआई कार्यालय को भेजी जायेगी।
बैठक में बनेगी रणनीति
डीपीआई के इस पत्र के बाद शिक्षकों में आशंकाएं गहरा गयी है। दिल्ली में पिछले दिनों टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की बैठक हुई थी, जिसमें ये निर्णय लिया गया था कि अप्रैल महीने में संसद का घेराव किया जायेगा। उससे पहले सभी पदाधिकारी अपने अपने राज्यों में बैठक कर शिक्षकों की एकजुटता तैयार करेंगे। लिहाजा टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश संयोजक मनीष मिश्रा, सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राठौर ने प्रदेश के सभी शैक्षिक संगठनों की 15 मार्च को बैठक बुलायी है। इस बैठक में शिक्षकों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर सामूहिक निर्णय लिया जायेगा।














