आज जन्मदिन: महज एक हिंदी फिल्म ने लक्ष्मी को
रातों-रात ला दिया चर्चा में, दक्षिण में खूब नाम कमाया
चेन्नई। क्या आपको 1975 में आई फिल्म ‘जूली’ याद है ? ये फिल्म लीड एक्टरों – लक्ष्मी और विक्रम के बीच हॉट सीन को लेकर खूब सुर्खियों में रही। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही और इसने साउथ की हीरोइन रही लक्ष्मी को भी बॉलीवुड में खूब पॉपुलर बना दिया। इस फिल्म में श्रीदेवी बाल कलाकार के रूप में थीं और उन्हें भी उनके काम के लिए सराहा गया।
लक्ष्मी को पहली ही फिल्म के लिए फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब भी मिला। पर आज ये हीरोइन कहां है ? क्या कर रही हैं लक्ष्मी आजकल, क्या आप जानते हैं? 13 दिसंबर 1952 को मद्रास प्रांत में जन्मीं यारागुडीपदी वेंकट महालक्ष्मी को बड़े परदे पर लक्ष्मी के नाम से शोहरत मिली।
बॉलीवुड में आने से पहले ही लक्ष्मी साउथ फिल्म इंडस्ट्री की काफी लोकप्रिय हीरोइन बन चुकी थीं। 70 के दशक में ही उन्होंने कन्नड़, तेलुगू, तमिल और मलयालम भाषाओं की फिल्मों में काम कर लिया था। मात्र 15 साल की उम्र में ही अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली लक्ष्मी सभी की पहली पसंद बन गईं थीं।
उनकी लोकप्रियता का आलम ये था कि उनकी कई फिल्मों के लिए अवॉर्ड भी मिले और एक फिल्म को बाद में हिंदी में ‘जूली’ नाम से बनाया गया। इसी फिल्म में लक्ष्मी ने अहम भूमिका निभाई थी।

फिल्म जींस में ऐश्वर्या राय के साथ दादी की भूमिका में लक्ष्मी
‘जूली’ की सफलता से लक्ष्मी ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक नया बैंचमार्क स्थापित किया। तमाम तरह के अवॉर्ड और सम्मान उनकी झोली में आए, बावजूद इसके उन्हें ज्यादा हिंदी फिल्में नहीं मिली और उन्होंने साउथ फिल्मों की तरफ ही रुख कर लिया।
बाद के दौर में साल 1998 में आई फिल्म ‘जींस’ में वो ऐश्वर्या राय की दादी के किरदार में नजर आईं तो वहीं 2004 में आई फिल्म ‘हलचल’ में उन्होंने करीना कपूर की दादी का किरदार निभाया।

फिल्म जूली में श्रीदेवी, लक्ष्मी, ओमप्रकाश औऱ् नादिरा
हीरोइन वाला दौर खत्म होने के बाद भी लक्ष्मी हताश नहीं हुईं और मां, दादी के किरदार निभाने के बाद उन्होंने एक्टिंग से ब्रेक लेकर टॉक शोज करने शुरु कर दिए। कुछ वक्त तक उनमें काम करने के बाद लक्ष्मी ने वापस फिल्मों में वापसी की।















