Advertisement Carousel

मुख्यमंत्री के सामने विधायक की शिकायत करना भाजपा नेता को पड़ा भारी, पार्टी ने जारी किया नोटिस…

मनेन्द्रगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने विधायक की शिकायत करना भाजपा नेता को भारी पड़ गया. पार्टी जिला अध्यक्ष ने कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर लिखित में जवाब मांगा है.

दरअसल, कल (21 मई) ग्राम कुशहा में ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सामने भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू ने सार्वजनिक मंच से कहा था, “माननीय विधायक का सोनहत क्षेत्र में भ्रमण नहीं होता है.”

इस पर प्रेसवार्ता के दौरान जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी का मामला है, ये सुशासन तिहार का विषय नहीं है. मामले में अब भाजपा कोरिया जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने मनोज साहू को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने किया सवाल

इस वाकये पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यही सुशासन है? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जिस व्यवस्था को सुशासन बता रही है, उसकी हकीकत अब भाजपा के अपने ही पदाधिकारी मुख्यमंत्री के सामने उजागर कर रहे हैं. जनता परेशान है, कार्यकर्ता नाराज हैं, और सरकार सिर्फ कार्यक्रमों में व्यस्त है.