सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद के बाद सूरजपुर जिले के कुमली वाटरफॉल स्थित वन विभाग के रेस्ट हाउस में अश्लीलता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में रेस्ट हाउस के भीतर बार बालाओं के अश्लील डांस और शराब पार्टी का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं इस मामले में वन विभाग ने चुप्पी साध ली है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुराना है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि वन विभाग के रेस्ट हाउस में खुलेआम शराब के जाम छलकाए गए और नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। पर्यटन स्थल की गरिमा और वन विभाग की जिम्मेदारियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।










