तेल अवीव। हमास-इजरायल में 738 दिन बाद स्थायी युद्ध विराम के बाद सभी 20 इजरायली बंधक गाजा की कैद से रिहा हो गए। इनको दो बैच में रिहा किया गया। पहले 7 और फिर 13 बंधक छोड़े गए। बंधकों की रिहाई के बदले इजरायल 250 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा और 1700 बंदी भी सौंपेगा।
7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल के नोवा म्यूजिक फेस्टिवल में हमास के हमले में 1200 लोग मारे गए थे, जबकि 251 को बंधक बना लिया था। कुछ बंधकों को बीच-बीच में संक्षिप्त युद्ध विराम के दौरान छोड़ा गया था, जबकि कई की मौत हो गई। इस बीच इजरायल पहुंचे अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने वहां की संसद में कहा, जंग अब खत्म हो चुकी है।















