Advertisement Carousel

मातृ सुरक्षा की दिशा में छत्तीसगढ़ का मजबूत कदम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से 14 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ

रायपुर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयास लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी संचालन के चलते राज्य ने देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाई है। पारदर्शी भुगतान व्यवस्था, सतत प्रशासनिक निगरानी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका के कारण प्रदेश की लाखों गर्भवती और धात्री महिलाओं तक समय पर आर्थिक सहायता पहुंच रही है।महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि राज्य सरकार मातृ सुरक्षा, पोषण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर प्रभावी पहल कर रही है, जिसका लाभ सीधे जरूरतमंद महिलाओं को मिल रहा है।

14 लाख से अधिक हितग्राहियों का हुआ पंजीयन

मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 14 लाख 49 हजार 309 पात्र महिलाओं का पंजीयन किया जा चुका है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत इन हितग्राहियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रणाली के माध्यम से 558.93 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे जमा की गई है। इससे लाभार्थियों को बिना किसी बिचौलिये के समय पर योजना का लाभ मिल रहा है।

मातृत्व सहायता की सबसे बड़ी योजनाओं में शामिल है पीएमएमवीवाई

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना विश्व की सबसे बड़ी डीबीटी आधारित मातृत्व सहायता योजनाओं में गिनी जाती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए अध्ययनों में भी इस योजना को गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के लिए प्रभावी माना गया है। इसके सकारात्मक परिणामों ने मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सुरक्षित मातृत्व और बेहतर पोषण पर सरकार का फोकस

राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व, पौष्टिक आहार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना भी है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग योजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है।

योजना के नाम पर हो रही साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लोकप्रियता के बीच साइबर ठग भी सक्रिय हुए हैं। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि कुछ जिलों से ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिनमें योजना का लाभ दिलाने के नाम पर महिलाओं को फोन कर ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या पैसे की मांग की गई है।उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नाम पर फोन कर व्यक्तिगत बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या धनराशि मांगता है, तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत अपनी निकटतम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अथवा संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी साइबर सुरक्षा की जानकारी

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया कि विभाग ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से हितग्राही महिलाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से जुड़ी प्रमाणिक और सही जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि किसी भी महिला को धोखाधड़ी का शिकार न होना पड़े और वह सुरक्षित तरीके से योजना का लाभ प्राप्त कर सके।