Advertisement Carousel

अफगानिस्तान में टकराएंगे चीन-अमरीका, बगराम एयरपोर्ट को लेकर बढ़ा विवाद, ट्रंप ने बुरे अंजाम की दी चेतावनी…

काबुल/वाशिंगटन/बीजिंग. अफगानिस्तान में वर्चस्व को लेकर अब चीन और अमरीका के बीच सीधे टकराव की आशंका पैदा हो गई है। मामला है अफगानिस्तान के बगराम एयरबेस पर कब्जे का। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप जहां इसको लेकर अफगानिस्तान को बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी दे रहे हैं, वहीं अफगानिस्तान के साथ-साथ चीन ने भी इसको लेकर ट्रंप को सीधे चुनौती देना शुरू कर दिया है। दरअसल ब्रिटेन पहुंचे ट्रंप ने कहा था कि उनका देश बगराम एयरपोर्ट वापस पाने की कोशिश कर रहा। ट्रंप ने यह भी कहा, हम इस अड्डे को चाहते हैं क्योंकि यह शिनजियांग से एक घंटे की दूरी पर है, जहाँ चीन परमाणु हथियार बनाता है। इस पर काबुल से लेकर चीन में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। ट्रंप जहां इस पर कब्जे के लिए अफगानिस्तान में हमले की चेतावनी दे रहे, वहीं काबुल की ओर से भी जंगी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। वहीं, चीन भी काबुल के साथ खुलकर खड़ा हो गया है।

अफगानिस्तान की स्वतंत्रता, संप्रभुता के साथ खड़ा है चीन…चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने भी कहा है कि चीन अफगानिस्तान की स्वतंत्रता, संप्रभुता का सम्मान करता है। अफगानिस्तान का भविष्य अफगान लोग तय करेंगे।

एक इंच जमीन नहीं देंगे: काबुल

अफगान विदेश मंत्रालय के अधिकारी जाकिर जलाल ने पोस्ट किया, अफगानिस्तान और अमरीका को एक-दूसरे के साथ संवाद के जरिए जुड़ने की जरूरत है… लेकिन, किसी भी हिस्से में अमरीका की कोई सैन्य उपस्थिति बनाए बिना। इसके बाद, तालिबान सेना प्रमुख कारी फसीहुद्दीन फितरत ने भी अमरीका को एक इंच जमीन भी नहीं देने की बात कहा है।