रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये की नकदी लेकर कर्मचारी के कथित रूप से फरार होने का मामला सामने आया है। बैंक में रकम जमा कराने के लिए भेजा गया कर्मचारी न तो वापस लौटा और न ही उसके पास मौजूद नकदी का पता चल सका। बाद में उसका वाहन मैदान में लावारिस हालत में मिला, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
बैंक में कैश जमा कराने के लिए भेजा था कर्मचारी
भाठागांव के साई विला निवासी दिब्यांश सिंह ने मामले को लेकर पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह पढ़ाई के साथ ट्रेडिंग का काम करते हैं और उन्होंने जुलाई 2025 में शंकर सोनी को कर्मचारी के रूप में रखा था।
21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे दिब्यांश सिंह ने कर्मचारी को पांच लाख रुपये नकद बैंक में जमा कराने के लिए दिए। इसके बाद शंकर सोनी एक्टिवा क्रमांक CG-04-LT-0826 से टैगोर नगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के लिए निकला था।
लौटकर नहीं आया, तलाश में मैदान में मिली एक्टिवा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बैंक जाने के बाद कर्मचारी वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसका इंतजार करने और तलाश करने के बाद वाहन की जानकारी जुटाई गई।
बताया गया कि एक्टिवा रावाभाठा बिजली कार्यालय के पास स्थित मैदान में लावारिस हालत में खड़ी मिली। वाहन की चाबी सीट के नीचे बने स्टोरेज लॉक में रखी हुई थी, लेकिन बैंक में जमा कराने के लिए दी गई पांच लाख रुपये की नकदी वहां नहीं मिली।
कर्मचारी पर रकम लेकर फरार होने का आरोप
दिब्यांश सिंह ने अपने कर्मचारी शंकर सोनी पर बैंक में जमा कराने के लिए दी गई पांच लाख रुपये की नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुरानी बस्ती थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कर्मचारी की तलाश, वाहन मिलने की परिस्थितियों और पांच लाख रुपये की नकदी के संबंध में आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।











