Advertisement Carousel

भीषण सड़क हादसा, हाईवा और कार की सीधी टक्कर में दो कारोबारियों की मौत

 जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में  दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई। तपकरा थाना क्षेत्र के उड़ीसा-कुनकुरी मार्ग पर लवाकेरा के समीप तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

उड़ीसा से कुनकुरी लौट रहे थे दोनों कारोबारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक कुनकुरी के जूता-चप्पल व्यवसाय से जुड़े थे। दोनों कार से उड़ीसा से कुनकुरी लौट रहे थे। इसी दौरान लवाकेरा के पास सामने से आ रहे हाईवा ट्रक से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता का अंदाजा कार की हालत देखकर लगाया जा सकता है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव

दुर्घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर के बाद दोनों शव कार के भीतर बुरी तरह फंस गए थे। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद शवों को बाहर निकाला और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।