रायपुर। गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय यानी DRI ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा जब्त करते हुए उत्तर प्रदेश निवासी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा से रायपुर लाई जा रही थी।
नागालैंड नंबर के ट्रक में छिपाई गई थी खेप
तस्करी के लिए नागालैंड पंजीयन वाले ट्रक का इस्तेमाल किया गया था। ट्रक में ऊपर से प्लास्टिक के पाइप भरे हुए थे, ताकि किसी को संदेह न हो। जांच के दौरान टीम को सीट के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बोरियां मिलीं।बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान करीब 250 बोरी गांजा बरामद किया गया है। हालांकि जब्त मादक पदार्थ की वास्तविक मात्रा और वजन की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।
250 क्विंटल होने का अनुमान, कीमत करोड़ों में
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त गांजे की मात्रा करीब 250 क्विंटल बताई जा रही है। इसकी अंतरराष्ट्रीय या अवैध बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। DRI ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूछताछ से खुल सकते हैं तस्करी नेटवर्क के कई राज
अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप ओडिशा में कहां से लोड की गई थी और रायपुर में इसे किस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों के नाम सामने आने की संभावना है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।