Advertisement Carousel

Paris Olympics Opening Ceremony: रिंग ऑफ फ्लेम्स के साथ पेरिस ओलंपिक का हुआ आगाज, इन खिलाड़ियों ने की भारतीय दल की अगुवाई, जुटे दुनियाभर के सितारे

पेरिस: Paris Olympics Opening Ceremony खूबसूरत सीन नदी पर नावों में परेड करते खिलाड़ियों की मनोहारी छवियों के बीच परंपरा से हटकर हुए 33वें ओलंपिक खेलों के रंगारंग उद्घाटन समारोह में शुक्रवार को फ्रांस ने अपनी सांस्कृतिक विविधता, क्रांति के इतिहास, वास्तुकला की शानदार विरासत की बानगी दुनिया के सामने पेश की । आम तौर पर स्टेडियम में होने वाली देशों की परेड की परंपरा से अलग यहां छह किलोमीटर की परेड आस्टरलिज ब्रिज से शुरू हुई जिसमें 85 नावों में 205 देशों के 6800 से अधिक खिलाड़ी सवार थे और एक शरणार्थी ओलंपिक टीम भी थी । भारी संख्या में खिलाड़ियों ने कल स्पर्धायें होने के कारण उद्घाटन समारोह में भाग नहीं लिया । समारोह में हिन्दी का पुट भी देखने को मिला जो ‘सिस्टरहुड’ शीर्षक से पेश किये गए कार्यक्रम में मशहूर फ्रेंच महिलाओं के योगदान को याद करने के लिये छह भाषाओं में बनाये गए इंफो ग्राफिक्स की एक भाषा थी। राष्ट्रपति एमैन्युअल मैकरोन ने खेलों की शुरूआत की घोषणा की जिससे अगले 16 दिन तक चलने वाले इस महाकुंभ की औपचारिक शुरूआत भी हो गई ।

Paris Olympics Opening Ceremony उद्घाटन समारोह का आकर्षण सीन नदी पर खिलाड़ियों का मार्च था । कार्यक्रम की शुरूआत में कैमरा फ्रांस के राष्ट्रपति मैकरोन और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के प्रमुख थॉमस बाक पर था जब फ्रांस के महान फुटबॉलर जिनेदीन जिदान को पहले से रिकॉर्ड किये गए वीडियो में ओलंपिक मशाल के साथ पेरिस की सड़कों पर दौड़ते दिखाया गया। फ्रांस की वर्णमाला के क्रम के अनुसार टीमों का आगमन हुआ । पहले ओलंपिक खेलों के जनक यूनान का दल आया जिसके बाद शरणार्थी टीम आई। मेजबान फ्रांस का दल सबसे आखिर में आया जिसका प्रशंसकों ने जबर्दस्त करतल ध्वनि से स्वागत किया।

भारतीय दल की अगुवाई दो ध्वजवाहकों दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और टेबल टेनिस दिग्गज अचंत शरत कमल ने की। भारतीय दल 84वें नंबर पर आया। महिला खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों से बनी साड़ी और पुरूषों ने कुर्ता पायजामा पहना था। भारत के 78 खिलाड़ियों और अधिकारियों ने इसमें भाग लिया। नावें शहर की ऐतिहासिक इमारतों कैथेड्रल आफ नोत्रे डेम, लावरे म्युजियम और कुछ आयोजन स्थलों से होकर गुजरी। अमेरिकी पॉपस्टार लेडी गागा ने अपने सुरों से समा बांधा । उद्घाटन समारोह का निर्देशन थॉमस जॉली ने किया था।