Advertisement Carousel

Russia Ukraine War: अब न्यूक्लियर अटैक की तैयारी में रूस? राष्ट्रपति पुतिन ने फोर्स को दिया युद्धाभ्यास का आदेश, कही ये बड़ी बात

मास्को: यूक्रेन को लेकर पश्चिमी देशों के साथ बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को देश के परमाणु बलों को मिसाइल प्रक्षेपण समेत व्यापक अभ्यास शुरू करने का आदेश दिया। शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान पुतिन ने कहा कि इस अभ्यास में परमाणु-सक्षम बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के प्रक्षेपण का अभ्यास शामिल होगा।

यूक्रेन के लिए पश्चिमी देशों के बढ़ते समर्थन के मद्देनजर कई बार परमाणु शक्ति का उल्लेख करने वाले पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि रूस का परमाणु शस्त्रागार ‘‘देश की संप्रभुता और सुरक्षा की विश्वसनीय गारंटी’’ बना हुआ है।उन्होंने कहा, ‘‘बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों और उभरते नये खतरों और जोखिमों को ध्यान में रखते हुए, हमारे लिए आधुनिक रणनीतिक बलों का होना महत्वपूर्ण है जो हमेशा युद्ध के लिए तैयार रहें।’’

पुतिन ने दोहराया कि रूस परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को ‘‘अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने का अंतिम उपाय’’ मानता है।