दुबई। भारतीय टीम ने बुधवार को यहां जीत की लय कायम रखते हुए एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल का टिकट कटा लिया है। सुपर-4 के अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 41 रन से मात दी। भारतीय टीम अब अपना तीसरा और आखिरी मैच शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ खेलने उतरेगी, जो लगातार दो मैच हारने के कारणं फाइनल की होड़ से बाहर हो चुकी है।
इस मैच में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने छह विकेट पर 168 रन बनाने के बाद बांग्लादेश की टीम को19.3 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट कर दिया।
जीत का हीरो : अभिषेक ने लगातार दूसरा अर्धशतक ठोका
अभिषेक शर्मा ने 37 गेंदों में छह चौकों और पांच छक्कों के साथ 75 रन की पारी खेली। उनके पास शतक लगाने का मौका था, लेकिन वे रन आउट हो गए। पिछले मैच में भी अभिषेक 74 रन की पारी खेलकर आउट हो गए थे। उन्होंने अपने टी-20 कॅरियर का कुल चौथा अर्धशतक लगाया। इस मैच में अभिषेक और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 6.2ओवर में 77 रन जोड़े। गिल ने 19 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ 29 रन ठोके।














