Advertisement Carousel

पाक में आतंकी महिलाओं को पढ़ा रहे ‘जिहाद का सिलेबस, भारत और मोदी को बताया दुश्मन…

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के आतंकी संगठनों की ओर से अब महिलाओं को फिदायीन (आत्मघाती हमलावर) के रूप में तैयार किया जा रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठन ‘महिला सशक्तीकरण’ के नाम पर महिलाओं की भर्ती कर ब्रेनवॉश कर रहा है। उन्हें कट्टर विचारधारा से प्रभावित किया जा रहा है। इसका खुलासा महिलाओं के लिए तैयार किए गए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के वीडियो से हुआ। यह वीडियो पिछले दिनों लीक हो गया। इस वीडियो के मुताबिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में बताया गया है कि भारत और मोदी उनके दुश्मन है।

खुफिया एजेंसियों के अनुसार पाकिस्तान के आतंकी समूह अब सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षिक मोर्चों पर महिलाओं व युवाओं को बरगला कर अपने नेटवर्क का विस्तार कर रहे हैं। पिछले दिनों ऑपरेशन सिंदूर के बाद जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा ने आतंकियों की भर्ती तेज कर दी है। इससे पाकिस्तानी सेना, पुलिस और आतंकियों के बीच सांठगांठ का एक बार फिर खुलासा हुआ है।

ऑनलाइन सत्र में जिहाद का प्रशिक्षण

लीक वीडियो से साफ होता है कि सियालकोट में अमरीका की ओर से घोषित वैश्विक आतंकी हाफिज अब्दुर रऊफ के नेतृत्व में जिहादी प्रशिक्षण शिविर चल रहे हैं, जहां वह महिलाओं को जिहाद में भाग लेने के लिए ब्रेनवॉश कर रहा है। वहीं महिलाओं को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मस्जिदों को तोड़ने की बात कहकर महिलाओं और युवाओं को बहका रहा है। गौरतलब है कि लश्कर का प्रमुख कमांडर रऊफ वही है, जिसने मरकज-ए-तैयबा मुरीदके में पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में आतंकवादियों के लिए नमाज-ए-जनाजा (अंतिम प्रार्थना) पढ़ाई थी। वह महिलाओं को जिहादी बनाने के लिए लाइव ऑनलाइन सत्र चला रहा है। इसे एजेंसियां ’आतंक का नया सिलेबस’ करार दे रही हैं।