Advertisement Carousel

तोमर बंधुओं की संपत्तियों की कुर्की का फैसला आज, सेशन कोर्ट में होगी सुनवाई…

रायपुर। तोमर बंधुओं की संपत्तियों को कुर्क करने पर सेशन कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होगी। बचाव पक्ष के तर्क सुनने के बाद न्यायाधीश अपना फैसला सुनाएंगे। इसके आधार पर जिला प्रशासन कुर्की की कार्रवाई करेगा। सूदखोरी, ब्लैकमेलिंग, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य गंभीर अपराधों में फरार चल रहे वीरेन्द्र सिंह तोमर और रोहित तोमर ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन लगाया लेकिन, प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सेशन कोर्ट के न्यायाधीश ने आवेदन को खारिज कर दिया। वीरेन्द्र और रोहित पिछले दो महीने से ज्यादा समय से फरार हैं।

दोनों भाइयों की गिरफ्तारी के लिए रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने 5 हजार रुपए इनाम की घोषणा की है। इनाम घोषित होने के बाद भी दोनों भाइयों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने संपत्ति कुर्क करने कोर्ट में आवेदन पेश किया। इसकी सुनवाई करते हुए कोर्ट ने दोनों भाइयों को 19 अगस्त तक कोर्ट में पेश होने कहा। इसके बाद भी आरोपियोें के पेश नहीं होने पर कोर्ट ने पुलिस के आवेदन को स्वीकृति देते हुए चार संपत्ति कुर्क करने कलेक्टर के पास प्रतिवेदन भेजा।

मकान और जमीन होगी कुर्क

रायपुर तहसीलदार प्रवीण परमार के अनुसार वीरेंद्र तथा रोहित तोमर की 4 प्रॉपर्टी को कुर्क किया जाना है। इसमें भाठागांव स्थित साईं विला मकान एवं जमीन के साथ ही रायपुर के आसपास की तीन अन्य जमीन शामिल है। बता दें कि उक्त प्रॉपर्टी को पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा पहले ही चिन्हांकित किया जा चुका है।