Advertisement Carousel

बाईपास पर चेकिंग के दौरान बदला पूरा खेल, कार की तलाशी में सामने आया नशे की तस्करी का मामला

कांकेर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20.235 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा नकदी, मोबाइल फोन और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एस्टर कार समेत कुल 6 लाख 52 हजार 580 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को सिटी कोतवाली की टीम कांकेर बाईपास, आवासपारा और मनकेशरी चौक के आसपास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की हुंडई एस्टर कार क्रमांक CG 08 BG 6871 वहां पहुंची। कार में सवार दो युवक पुलिस को देखकर नीचे उतरे और भागने का प्रयास करने लगे।पुलिस टीम ने दोनों को तत्काल पकड़ लिया। संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई।

डिक्की से तीन अलग-अलग पैकेट मिले

तलाशी के दौरान कार की डिक्की में एक सफेद प्लास्टिक की बोरी और भूरे रंग के टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें गांजा पाया गया।वजन कराने पर बोरी से 9.810 किलोग्राम, पहले पैकेट से 6.230 किलोग्राम और दूसरे पैकेट से 4.195 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल मात्रा 20.235 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 410 रुपये बताई गई है।

कार और मोबाइल समेत लाखों का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,170 रुपये नकद और करीब 30 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इसके अलावा गांजा ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही हुंडई एस्टर कार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, को भी जब्ती में लिया गया।इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 6 लाख 52 हजार 580 रुपये का सामान जब्त किया है।

महाराष्ट्र के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभम मांढरे, उम्र 20 वर्ष, निवासी किदवई वार्ड, देसाईगंज वाडसा, जिला गढ़चिरौली और समीर पीलारे, उम्र 22 वर्ष, निवासी जुनी वाडसा, थाना देसाईगंज, जिला गढ़चिरौली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।मामले में सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 297/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

सीमावर्ती इलाकों पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।