Advertisement Carousel

वनांचल में चौपाल लगाकर प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने सुनी ग्रामीणों की पीड़ा, बैगा परिवारों को योजनाओं से जोड़ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जिले के अचानकमार क्षेत्र का दौरा कर वनांचल क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने ग्राम शिवलखार और शिवतराई पहुंचकर ग्रामीणों, पीएम जनमन हितग्राहियों और बैगा परिवारों से सीधा संवाद किया। प्रमुख सचिव के साथ कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।

ग्राम शिवलखार में प्रमुख सचिव और कलेक्टर ने जमीन पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास और आधारभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी बातें रखीं। प्रमुख सचिव ने मौके पर ही अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। पीएम आवास योजना से जुड़ी शिकायत पर भी तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई करने कहा गया।

अचानकमार में पर्यटन और रोजगार बढ़ाने पर जोर

शिवतराई सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने अचानकमार टाइगर रिजर्व और खुड़िया क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एटीआर क्षेत्र में होम-स्टे सुविधा शुरू करने और आदिवासी युवाओं को टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने कार्ययोजना तैयार करने कहा। प्रमुख सचिव ने कहा कि पर्यटन और कौशल विकास के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सकता है।