Advertisement Carousel

CG Morning News : MP दौरे पर रहेंगे राज्यपाल डेका… विष्णु का सुशासन कांग्रेस को नहीं पच रहा : BJP… बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस… आज रेडियो पर लू से बचाव पर चर्चा

CG Morning News : रायपुर. छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका आज यानी शनिवार को मध्यप्रदेश जिले के मंडला जिले के भ्रमण पर रहेंगे. जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल डेका 16 मई को मंडला पहुंचेंगे और यहां आयोजित “आदि उत्सव-2026” कार्यक्रम में शामिल होंगे. दौरा कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल रमेन डेका 16 मई की सुबह 9 बजे एथनिक जोहार टूरिस्ट रिसोर्ट, सरोदा दादर चिल्फी से प्रस्थान कर लगभग 10ः30 बजे मंडला सर्किट हाउस पहुंचेंगे. इसके बाद वे 11 बजे रामनगर स्थित चौगान के लिए रवाना होंगे, जहां 11ः30 बजे “आदि उत्सव-2026” कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे. राज्यपाल डेका कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 1 बजे मंडला सर्किट हाउस लौटेंगे और भोजन एवं विश्राम के उपरांत शाम 4 बजे पुनः चिल्फी के लिए रवाना होंगे.

विष्णु का सुशासन कांग्रेस को नहीं पच रहा : BJP
रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पेट्रोल-डीजल की किल्लत और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अपमान के मुद्दे पर एक बयान जारी किया. जिस पर भाजपा प्रवक्ताओं नलिनीश ठोकने और शताब्दी पाण्डेय ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर पलटवार कर जवाब दिया. नलिनीश ठोकने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भण्डारण मौजूद है, सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारू है. छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ‘सुशासन’ के संकल्प के साथ काम कर रही है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है. नलिनीश ठोकने ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए कतारों और किल्लत का काल्पनिक डर दिखा रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री के विदेश दौरे की टिप्पणी को भी हास्यास्पद करार दिया और कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ा रहे हैं, तब भूपेश बघेल जैसे नेता अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के कारण देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं.

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस करेगी प्रेस कान्फ्रेंस
रायपुर. बढ़ती महंगाई को लेकर आज शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी. जिला कांग्रेस भवन गांधी मैदान में आज दोपहर 1.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. पूर्व मंत्री शिव डहरिया प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी रहेंगे मौजूद.

आज रेडियो पर लू से बचाव पर चर्चा
रायपुर. आकाशवाणी के प्रादेशिक समाचार एकांश के कार्यक्रम “बातों-बातों में” में इस बार गर्मी के मौसम में लू से बचाव और जरूरी सावधानियों पर चर्चा होगी. कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की एकीकृत रोग निगरानी परियोजना रायपुर के अधिकारी डॉ. विमल किशोर रॉय की भेंटवार्ता प्रसारित की जाएगी. इसका प्रसारण 16 मई को सुबह 9 बजे आकाशवाणी रायपुर केंद्र के एफएम और प्राइमरी चैनल पर होगा. छत्तीसगढ़ के सभी आकाशवाणी केंद्र इसे रिले करेंगे.