Advertisement Carousel

CG News: छत्तीसगढ़ में आज से लगेगी नवनिर्वाचित विधायकों की क्लास, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेंगे शुरुआत, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी होंगे शामिल

रायपुरः CG News छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए 20 जनवरी से शुरू हो रहे दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेंगे। प्रबोधन कार्यक्रम के पहले दिन अंतिम सत्र में भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और दूसरे दिन के अंतिम सत्र में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवनिर्वाचित विधायकों को सम्बोधित करेंगे।

Read More : मैदानी क्षेत्रों में पदस्थ आरक्षक से निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश… 

CG News प्रबोधन कार्यक्रम के पहले दिन 20 जनवरी को उद्घाटन सत्र प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। उद्घाटन सत्र को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सम्बोधित करेंगे। इसके बाद प्रथम सत्र दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। इस सत्र में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, ध्यानाकर्षण सूचना, लोक महत्व के विषय पर व्याख्यान देंगे। द्वितीय सत्र दोपहर 2.50 से शुरू होगा। इस सत्र में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया और तृतीय सत्र में भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आशीष वचन देंगे। तृतीय सत्र शाम 4.15 बजे से प्रारंभ होगा।

Read More : गृह विभाग की समीक्षा बैठक खत्म ! कई महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा… 

प्रबोधन कार्यक्रम के दूसरे दिन 21 जनवरी को प्रथम सत्र प्रातः 11 बजे शुरू होगा। इस सत्र में विधानसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर प्रश्न, प्रश्नकाल, प्रश्न से उद्भुत विषय पर व्याख्यान देंगे। द्वितीय सत्र दोपहर 12.15 बजे से शुरू होगा। इस सत्र में पूर्व मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा प्रेम प्रकाश पाण्डेय आय-व्यय, अनुदान मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्ताव, लेखा अनुदान, अनुपूरक अनुदान आदि विषयों पर व्याख्यान देंगे। तृतीय सत्र दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा। इस सत्र में विधानसभा सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक विधानसभा की समितियों एवं अशासकीय कार्याें पर व्याख्यान देंगे। चतुर्थ सत्र शाम 4.15 बजे प्रारंभ होगा। इस सत्र में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रभावी विधायक कैसे बने इस विषय पर व्याख्यान देंगे।