Advertisement Carousel

किसान की बेटी ने किया कमाल: 12वीं में 96.40% अंक के साथ अपर्णा ने प्रदेश में 10वां स्थान किया हासिल, पिता की इच्छा- बेटी बने डॉक्टर

पखांजूर। CGBSE 12th Result 2026 : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिए हैं। इस बीच कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक से एक गर्व भरी खबर सामने आई है। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कापसी की होनहार छात्रा अपर्णा बिस्वास ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया है। अपर्णा ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इस उपलब्धि पर शहर के चौक पर पटाखे फोड़े गए, वहीं स्कूल में शिक्षकों ने छात्रा को बधाई देते हुए मुंह मीठा कराया।

अपर्णा बिस्वास पीवी-119 की निवासी हैं। उनके पिता किसान हैं और माता गृहिणी हैं। साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से होने के बावजूद अपर्णा ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी सफलता हासिल की है।

पिता की इच्छा, बेटी बने डॉक्टर

अपर्णा के पिता प्रदीप बिस्वास की इच्छा है कि वह आगे चलकर डॉक्टर बनें और इसी लक्ष्य को पाने के लिए अपर्णा लगातार कड़ी मेहनत कर रही हैं। अपर्णा ने इस सफलता को हासिल करने के लिए स्कूल, ट्यूशन और घर पर मिलाकर रोजाना 8 घंटे से अधिक पढ़ाई की।

अपर्णा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। यह उपलब्धि न केवल अपर्णा के परिवार, बल्कि पूरे कोयलीबेड़ा ब्लॉक के लिए गर्व की बात है।