Advertisement Carousel

बिलासपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार युवक की मौत, स्कूल मिनी बस से भी भिड़ी

 बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।  सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वेयरहाउस रोड पर एक बेकाबू कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि हादसे के बाद कार चालक अपने साथियों के साथ वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सुबह साढ़े सात बजे हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 7:30 बजे संजीवनी हॉस्पिटल के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

टक्कर के बाद स्कूल मिनी बस से भिड़ी कार

स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। बेकाबू कार सामने से गुजर रही एक स्कूल मिनी बस से जा टकराई। हादसे में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि बस में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी अन्य के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 18 वर्षीय रुद्र प्रताप शर्मा, निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई है। युवक की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

कार छोड़कर भागे आरोपी, पुलिस जांच में जुटी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के तुरंत बाद चालक और कार में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

लापरवाही बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस वाहन के पंजीयन समेत अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील भी की गई है।